भारत

भ्रष्टाचार के आरोप में मंत्री का इस्तीफा

SHIDDHANT
28 Aug 2026 7:47 PM IST
भ्रष्टाचार के आरोप में मंत्री का इस्तीफा
x
कर्नाटक के भ्रष्ट मंत्री ने 25 दिन में दिया इस्तीफा
Karnataka कर्नाटक: राजनीति में महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम घोटाले को लेकर घिरे कांग्रेस नेता बी. नागेंद्र ने मंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। इस्तीफे की घोषणा करते हुए नागेंद्र भावुक हो गए और मीडिया के सामने रोते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वह दलित समुदाय से आते हैं। बी. नागेंद्र ने कहा कि वाल्मीकि निगम से जुड़े किसी भी लेनदेन में उनके हस्ताक्षर नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब किसी ट्रांजैक्शन में उनका कोई दस्तखत नहीं है तो उन्हें दोषी कैसे ठहराया जा सकता है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके खिलाफ रोजाना हजारों झूठ फैलाए जा रहे हैं।
घोटाले के आरोपों के बीच विपक्ष ने बनाया दबाव
महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला मई 2024 में सामने आया था। निगम के लेखा अधीक्षक पी. चंद्रशेखरन की आत्महत्या के बाद करीब 89.63 करोड़ रुपये के कथित अनधिकृत ट्रांजैक्शन का खुलासा हुआ था। उस समय जनजातीय कल्याण मंत्री रहे बी. नागेंद्र ने जून 2024 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि बाद में उन्हें दोबारा कैबिनेट में शामिल किया गया और योजना एवं सांख्यिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद बीजेपी और जेडी(एस) ने सरकार पर हमला तेज कर दिया। विपक्षी दल लगातार नागेंद्र के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। बीजेपी और जेडी(एस) ने इस मुद्दे को लेकर विधानसभा से लेकर सड़क तक प्रदर्शन किया। दोनों दलों ने रायचूर से बल्लारी तक पदयात्रा निकालने का ऐलान भी किया था।
बैंक की भूमिका पर भी उठाए सवाल
इस्तीफे का ऐलान करते हुए नागेंद्र ने बैंकिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में बैंकों की भूमिका सामने आती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री की जवाबदेही को लेकर भी सवाल खड़े किए। नागेंद्र ने कहा कि कर्नाटक की जनता पूरे मामले को देख रही है और सच्चाई जल्द सामने आएगी। उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि जांच में सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सौंपेंगे इस्तीफा
बी. नागेंद्र ने बताया कि वह मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से मुलाकात करेंगे और चर्चा के बाद आधिकारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि यह फैसला उन्होंने मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए लिया है। कांग्रेस नेता के इस्तीफे के बाद कर्नाटक में सियासी हलचल तेज हो गई है। विपक्ष इसे सरकार की नैतिक हार बता रहा है, जबकि नागेंद्र लगातार खुद को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
Next Story