भारत

पिछले साल से 23 हजार ज्यादा, पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले

Shantanu Roy
6 July 2026 4:46 PM IST
पिछले साल से 23 हजार ज्यादा, पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले
x
Kullu. कुल्लू। प्रदेश की पर्यटन राजधानी मनाली ने इस वर्ष गर्मियों के पर्यटन सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। अप्रैल से जून 2026 के बीच मनाली में करीब 1.88 लाख पर्यटक वाहन पहुंचे। जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 23 हजार अधिक हैं। पर्यटकों की बढ़ी आमद ने स्थानीय होटल, होमस्टे, टैक्सी, रेस्तरां और अन्य पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को बड़ी राहत दी है। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली पहुंचे। रोहतांग, अटल टनल, सोलंगघाटी, सिस्सू, शिंकुला और बारालाचा जैसे पर्यटन स्थलों पर पूरे सीजन में पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। जिला पर्यटन अधिकारी कुल्लू डा. रोहित शर्मा ने बताया कि मनाली ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अप्रैल माह में 35123 मई में 66826 और जून में करीब 86100 पर्यटक वाहन
मनाली पहुंचे।


इस प्रकार तीन महीनों में कुल लगभग 1.88 लाख वाहन दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अप्रैल में 41271 मई में 41768 और जून में करीब 81770 वाहन मनाली पहुंचे थे। इस वर्ष मई और जून में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके चलते कुल वाहनों का आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 23 हजार अधिक रहा। डा. शर्मा ने कहा कि इस बार मनाली का ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन उम्मीद से बेहतर रहा। होटलों में अच्छी ऑक्यूपेंसी रही और पर्यटन कारोबार से जुड़े अधिकांश लोगों को इसका लाभ मिला। हालांकि जुलाई में मानसून की दस्तक के साथ पर्यटकों की संख्या में कुछ कमी आने लगी है। जो हर वर्ष का सामान्य रुझान रहता है।
Next Story