भारत

23 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, गांव में शोक का माहौल

Shantanu Roy
19 April 2026 4:25 PM IST
23 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, गांव में शोक का माहौल
x
Jalaun. जालौन। जिले के कुठीला गांव में रविवार सुबह एक 23 वर्षीय युवती द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ग्राम कुठीला निवासी स्वर्गीय हत्येंद्र सिंह की पुत्री खुशबू (23) रविवार सुबह घर पर अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम से बाहर गए हुए थे। सुबह करीब 7 बजे जब परिजन वापस घर लौटे तो उन्होंने खुशबू का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा।

इस दृश्य को देखकर परिवार में कोहराम मच गया और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तुरंत कुठौंद थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे के निर्देश पर उप-निरीक्षक हर्षवर्धन त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ भी की। ग्रामीणों के अनुसार, युवती पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। बताया जा रहा है कि वह अपनी कम लंबाई को लेकर काफी परेशान रहती थी और इसी कारण वह अवसाद में चल रही थी।

हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक दबाव के चलते ही युवती ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और हर पहलू पर जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं, लेकिन माहौल गमगीन बना हुआ है।
Next Story