भारत

APMC के पास 200 आढ़ती पंजीकृत

Shantanu Roy
7 Aug 2024 10:31 AM GMT
APMC के पास 200 आढ़ती पंजीकृत
x
Shimla. शिमला। सेब सीजन के दौरान आढ़तियों का पंजीकरण तेजी के साथ चल रहा है। अहम बात है कि इस बार सरकार ने आढ़तियों से ज्यादा धनराशि बतौर धरोहर राशि लेने का काम किया है, जिससे बागबानों को भी राहत मिलेगी। एपीएमसी शिमला और किन्नौर मंडी की बात करें तो यहां पर 200 के करीब आढ़तियों ने अपना पंजीकरण करवा दिया है और इनसे अढ़ाई लाख रुपए से लेकर 50 लाख रुपए तक की धरोहर राशि ली गई है। अभी मिडल बेल्ट के सेब का इंतजार चल रहा है, जिसके बाद यहां आढ़तियों की संख्या भी बढ़ेगी और सेब सीजन भी उफान पर आएगा। इस बार सेब सीजन के दौरान अभी तक कोई हो हल्ला नहीं मच रहा है यह अहम बात है। क्योंकि हर सीजन में कोई न कोई विवाद खड़ा हो ही जाता था, परंतु इस बार सरकार भी इसमें चिंता मुक्त है। न केवल किलो में ही सेब की बिक्री सफलता के साथ हो रही है बल्कि यूनिवर्सल कार्टन भी चल रहा है। हिमाचल ही नहीं बल्कि प्रदेश से बाहर भी बागबान यूनिवर्सल कार्टन में ही अपना सेब भेज रहे हैं, जिसमें उनको मुनाफा भी मिल रहा है। परवाणू की मंडी में यूनिवर्सल कार्टन में सेब पहुंच रहा है, जहां से दूसरे राज्यों को सेब का
निर्यात किया जा रहा है।

प्रदेश से बाहर चंडीगढ़ और दिल्ली की मंडियों के अलावा मुंबई को भी सेब जाना शुरू हो चुका है और यह सेब यूनिवर्सल कार्टन में ही जा रहा है। फिलहाल यहां आढ़तियों की बात करें तो शिमला, रोहडू और पराला में आढ़तियों का पंजीकरण जोरों पर है। रोहडू में 110 के करीब आढ़तियों का पंजीकरण हो चुका है जहां का सेब अभी मार्केट में आएगा। इस सेब का इंतजार हो रहा है और इसमें अभी करीब एक सप्ताह का समय और लग जाएगा ऐसा माना जाता है। ड्डएक से पांच करोड़ का सेब बेचने वाले आढ़तियों से अढ़ाई लाख रुपए लिए गए हैं, तो वहीं पांच से 15 करोड़ का कारोबार करने वालों से पांच लाख रुपए लिए हैं। इसी तरह से 15 से 75 करोड़ रुपए तक का कारोबार करने वाले आढ़तियों से 10 लाख, 15 लाख, 25 लाख और 50 लाख रुपए की राशि ली गई है, जिससे यदि वह बागबानों की पेमेंट नहीं कर पाए तो खुद एपीएमसी पेमेंट कर देगा। आढ़तियों के साथ विवादों से बचने के लिए इस तरह का निर्णय लिया गया है। सेब को अभी तक मंडी में बेहतर दाम मिले हैं। मंडी में आ रहे इस सेब को चार हजार तक प्रति पेटी का दाम मिल चुका है। कुछ वैरायटी जिसका ग्रेड अच्छा था वो 4600 रुपए तक भी बिक चुकी है। यह बात रॉयल सेब की है। इसके बाद गोल्डन सेब का बेसब्री के साथ इंतजार हो रहा है।
Next Story