भारत

चिट्टा रैकेट में शामिल 2 पुलिस जवान बर्खास्त, बाकियों पर भी गिरेगी गाज

Shantanu Roy
19 April 2025 4:32 PM IST
चिट्टा रैकेट में शामिल 2 पुलिस जवान बर्खास्त, बाकियों पर भी गिरेगी गाज
x
Shimla. शिमला। शाह गैंग के साथ चिट्टा तस्करी के रैकेट में शामिल दो पुलिस कर्मियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। प्रदेश में नशा तस्कर कर्मचारियों के खिलाफ पहली बार इस तरह की कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर शिमला पुलिस के चिट्टा तस्करी में शामिल दो कांस्टेबल संदीप कुमार और जुगल किशोर को नौकरी बर्खास्त किया गया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी पुलिस कर्मियों के तार चिट्टा तस्कर गिरोह शाह गैंग से जुड़े थे। शाह गैंग के साथ जुड़े दोनों पुलिस कर्मियों के नाम सामने आने के बाद दोनों पुलिस कर्मियों को कैथू पुलिस लाइन में लाइन हाजिर किया गया था। इसके बाद दोनों पुलिस कर्मियों को नोटिस जारी कर पक्ष रखने का मौका दिया गया, लेकिन पुलिस कर्मियों से संतोषजनक जवाब न मिलने पर मुख्यमंत्री कार्यालय से इन्हें नौकरी से बर्खास्त करने के
आदेश दिए।


मुख्यमंत्री सुक्खू ने पुलिस विभाग को राज्य में नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए मिशन मोड में व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जिन सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ नशा तस्करी के पुख्ता सबूत पाए गए हैं, उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया जाएगा। इसके बाद शिमला पुलिस ने नशा तस्करी में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार कर ली है। शिमला पुलिस नशा तस्करी में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची सरकार को भेजी है। इसके बाद नशा तस्करी के आरोपी अधिकारियों और कर्मचारियों पर प्रदेश सरकार की कार्रवाई की गाज गिरना शुरू हो गई है। शिमला पुलिस ने चिट्ट तस्करी के मामले में 24 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है।
Next Story