भारत

किन्नर समेत 2 की हत्या, बेड अंदर मिली लाश

Nilmani Pal
10 Aug 2025 7:26 AM IST
किन्नर समेत 2 की हत्या, बेड अंदर मिली लाश
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। कानपुर दक्षिण में हनुमंत विहार के खाड़ेपुर में एक किन्नर और उसके 12 साल के मुंहबोले भाई की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। तीन दिनों तक फोन न उठने पर शनिवार को परिजन मकान में पहुंचे तो किन्नर का शव दीवान में ठुंसा मिला जबकि उसके भाई का शव जमीन पर पड़ा था। पुलिस ने दो परिचितों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई है।

मैनपुरी के किशनी धरमंगतपुर निवासी 25 वर्षीय काजल किन्नर खाड़ेपुर में रिटायर्ड फौजी अभिमन्यु के मकान में 12 वर्षीय मुंहबोले भाई देव के साथ रहता था। चार दिन से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। अनहोनी की आशंका के चलते शनिवार को मैनपुरी से मां गुड्डी देवी, पिता ब्रजेश दुबे और बहन चांदनी घर पहुंचे। मकान का मुख्य द्वार बंद था। घर के अंदर से तेज बदबू आ रही थी। काफी आवाज देने के बाद भी जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने मकान मालिक अभिमन्यु को सूचना दी।

अभिमन्यु दूसरी चाबी लेकर पहुंचे और दरवाजा खोला तो देव की लाश जमीन पर पड़ी थी जबकि काजल की लाश दीवान के अंदर मिली है। घर की अलमारी खुली थी और सामान भी गायब था। पुलिस को जांच के दौरान कमरे के अंदर शराब की बोतल और नमकीन के खाली पैकेट मिले हैं। परिजनों ने आलोक उर्फ गोलू शर्मा और हेमराज उर्फ अजय सविता पर दोनों की हत्या का आरोप लगाया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद कमरे की धुलाई की गई है। एडीसीपी साउथ, योगेश कुमार ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किन्नर और उसके भाई का शव कमरे में मिला है। प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। एक दो दिन में घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Next Story
null