भारत

हीरा कारखाने के 150 कारीगरों की पानी पीने के बाद बिगड़ी तबीयत, पुलिस बोली 'सल्फास मिलाया गया'

jantaserishta.com
10 April 2025 9:19 AM IST
हीरा कारखाने के 150 कारीगरों की पानी पीने के बाद बिगड़ी तबीयत, पुलिस बोली सल्फास मिलाया गया
x
हड़कंप मचा.
सूरत: गुजरात के सूरत शहर में स्थित एक हीरा कारखाने में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां काम करने वाले 150 से अधिक कारीगरों की अचानक तबीयत खराब हो गई। यह घटना कापोदरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अनभ जेम्स नामक डायमंड फैक्ट्री में हुई, जहां कारीगर रोजाना की तरह हीरा तराशने का काम कर रहे थे।
पुलिस और कारखाना प्रबंधन के अनुसार, कुछ कारीगरों ने फैक्ट्री में लगे वाटर कूलर से पानी पिया, जिसके बाद उन्हें चक्कर आने और उल्टी की शिकायत शुरू हुई। अन्य कर्मचारियों ने पानी से असामान्य गंध आने की बात प्रबंधन को बताई, जिसके बाद यह मामला गंभीर रूप लेता चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही कापोदरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक तफ्तीश में वाटर कूलर के पास सल्फास का एक पैकेट बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि पैकेट का कवर फटा हुआ था, हालांकि अंदर का पैकेट अभी सुरक्षित था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कारखाना मालिकों ने तत्काल सभी कर्मचारियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया। कुल 104 लोगों को किरण अस्पताल और 14 को डायमंड अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो कारीगरों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जबकि बाकी को मामूली शिकायतों के चलते जनरल वार्ड में भर्ती किया गया है।
पुलिस ने इस घटना को हत्या की कोशिश मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज किया है। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वीआर पटेल ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग पहलुओं से तफ्तीश कर रही हैं।
उन्होंने कहा, "हम सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस का सहारा लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर पानी में सल्फास कैसे और किसने मिलाया।" पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह घटना दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई साजिश थी।
अस्पताल में भर्ती कुछ कारीगरों ने बताया कि उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि पानी में कुछ मिला हुआ है। एक कर्मचारी ने कहा, "हमने दोपहर में पानी पिया और उसके बाद अचानक चक्कर आने लगे। फिर हमें अस्पताल लाया गया।" फिलहाल सभी मरीजों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story