भारत

डबल डेकर बस पलटने से 12 यात्री घायल, एक्सप्रेसवे में हुआ हादसा

Nilmani Pal
15 March 2026 6:40 AM IST
डबल डेकर बस पलटने से 12 यात्री घायल, एक्सप्रेसवे में हुआ हादसा
x
पढ़े पूरी खबर

उन्नाव। जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक भयावह सड़क हादसा हुआ. बिहार नंबर की एक डबल डेकर बस जो लखनऊ से आगरा की ओर जा रही थी, अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर पलट गई. बताया जा रहा है कि बस सवारियों को लेकर तेज रफ्तार में ओवरटेकिंग कर रही थी. इसी दौरान वाहन का नियंत्रण खो गया और बस पलट गई. हादसे के समय बस में सवारियों में अफरा-तफरी मच गई, और चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दीं. स्थिति बहुत गंभीर थी.

यह नजारा देखकर आसपास से गुजर रहे सड़क यात्री अपनी गाड़ियां रोक कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को तुरंत सूचना दी. राहगीरों ने बस के शीशे तोड़कर फंसे यात्रियों को निकालने में मदद की. पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मिलकर घायलों को रेस्क्यू किया. इस हादसे में लगभग 10 से 12 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए निकटस्थ सीएचसी औरास अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अन्य यात्रियों को सुरक्षित ही दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचा दिया गया.

पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को एक्सप्रेसवे के किनारे हटाया और यातायात को दोबारा सुचारू कर दिया. हादसे की वजह से कुछ देर ट्रैफिक बाधित रहा लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है. हादसे की जांच अभी जारी है. इस दुर्घटना ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासन से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग उठ रही है.


Next Story
null