भारत

बॉर्डर इलाकों में 12 नए नाके लगाए

Shantanu Roy
24 May 2026 4:42 PM IST
बॉर्डर इलाकों में 12 नए नाके लगाए
x
पांवटा साहिब। पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए शनिवार को पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने पांवटा में सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान एसपी सिरमौर ने चुनाव तैयारियों को लेकर पुलिस पार्टी को विस्तार से ब्रीफ किया। एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि सिरमौर जिले के सभी उपमंडलों में कुल 128 बूथों को संवेदनशील और अति संवेदनशील चिन्हित किया गया है। पांवटा उपमंडल में अकेले 38 बूथ संवेदनशील हैं। इन सभी बूथों का सुरक्षा ऑडिट पूरा कर लिया गया है। हर संवेदनशील बूथ पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ केंद्रीय बलों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जिले में तीन अतिरिक्त क्यूआरटी टीमें 24 घंटे गश्त करेंगी। हर थाना क्षेत्र में एक-एक स्ट्राइकिंग रिजर्व टीम तैयार रखी जाएगी।
पांवटा के साथ लगते उत्तराखंड, हरियाणा व यूपी बॉर्डर इलाकों में 12 नए नाके लगाए गए हैं, ताकि अवैध शराब और पैसे की आवाजाही रोकी जा सके। पंचायत चुनाव में शराब बांटने की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने फ्लाइंग स्क्वॉड और स्टेटिक सर्विलांस टीमें गठित की हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान अफवाह फैलाने और भडक़ाऊ पोस्ट करने वालों पर साइबर सेल नजर रखेगी। एसपी ने कहा कि किसी भी तरह की फेक न्यूज या सांप्रदायिक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज किया जाएगा। एसपी सिरमौर ने आम लोगों को अपील करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव में किसी भी तरह के प्रलोभन, शराब या पैसे के लेन-देन की सूचना तुरंत 112 या 01702-222100 पर दें। मतदान के दिन शांति बनाए रखें और निर्भय होकर वोट डालें। चुनाव में खलल डालने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
Next Story