भारत

बिगड़ैल ट्रैफिक से जूझकर चूड़धार पहुंचे 10 हजार सैलानी

Shantanu Roy
14 Jun 2026 4:17 PM IST
बिगड़ैल ट्रैफिक से जूझकर चूड़धार पहुंचे 10 हजार सैलानी
x
Nahan. नाहन। प्री-मानसून की बौछारों और सुहावने मौसम ने जिला सिरमौर की सैरगाहों को पर्यटकों से गुलजार कर दिया है। वीकेंड पर चूड़धार, हरिपुरधार, श्रीरेणुकाजी और शिलाई क्षेत्र के पश्मी सहित प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचे। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैलानियों की वजह से जिला की अधिकांश सडक़ों पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया। जिला की सिंगल-लेन सडक़ों और मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही, जबकि तीखे मोड़ों और संकरी सडक़ों पर वाहन चालकों के बीच पास देने को लेकर नोकझोंक भी देखने को मिली। धार्मिक पर्यटन स्थलों पर सबसे अधिक
भीड़ दर्ज की गई।


जिला की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार, शक्तिपीठ हरिपुरधार, श्रीरेणुकाजी और पश्मी में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जानकारी के अनुसार वीकेंड पर चूड़धार में पांच से दस हजार तक श्रद्धालु और ट्रैकर्स पहुंच रहे हैं। हालांकि मंदिर समिति और केंद्रीय चूड़ेश्वर सेवा समिति पहले ही लोगों से वीकेंड के दौरान कम संख्या में आने की अपील कर चुकी है। चूड़धार के लिए चाबधार तक सडक़ सुविधा उपलब्ध होने के बाद वहां भी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। वहीं शिलाई क्षेत्र के पश्मी में चालदा महासू महाराज के दर्शनों के लिए शनिवार को चार हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर भी दिनभर यातायात का दबाव बना रहा। पर्यटकों की बढ़ती आमद का लाभ स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी मिला है। रेणुकाजी क्षेत्र के होटलों में ऑक्युपेंसी 100 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि रेस्तरां और ढाबों में भी ग्राहकों की संख्या बढऩे से कारोबार में तेजी आई। कुल मिलाकर प्री-मानसून के सुहावने मौसम ने पर्यटन क्षेत्र में नई जान फूंकी है।
Next Story