भारत

देश के पहाड़ी क्षेत्रों पर फि‍र शुरू हुआ बर्फबारी का दौर, मैदानों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

Khushboo Dhruw
7 Jan 2022 6:10 PM GMT
देश के पहाड़ी क्षेत्रों पर फि‍र शुरू हुआ बर्फबारी का दौर, मैदानों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
x
देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी क्षेत्रों व हिमाचल, उत्तराखंड व जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। इस बीच, मौसम विभाग ने मैदानी क्षेत्रों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।

देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी क्षेत्रों व हिमाचल, उत्तराखंड व जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। इस बीच, मौसम विभाग ने मैदानी क्षेत्रों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश होगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार से रविवार (07 से 09 जनवरी) के बीच दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तरी राजस्थान में बारिश होने के आसार हैं। साथ ही मौसम विभाग ने कहा कि इस दौरान मध्य प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। 09 से 11 जनवरी के बीच विदर्भ और छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।

मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि का अलर्ट
पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों के लिए खतरनाक ओलावृष्टि और गरज के साथ बौछारें पड़ने की काफी संभावना है। मध्य प्रदेश मौसम विभाग ने सभी संभागों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 12 जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने और चमकने के साथ ओलावृष्टि के लिए अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 11 जिलों में मध्यम कोहरे की संभावना है।
राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों में चक्रवात जैसी बनी स्थिति
पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और आसपास के इलाकों पर बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ जो उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर है, वह पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करने वाला है। दक्षिण पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों में चक्रवात जैसी स्थिति होगी। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश दौर जारी रहेगा।
बिहार के इन जिलों में हो सकती है बारिश
बिहार के कई जिलों में बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आठ जनवरी के बाद बिहार में छह जिलों विशेषकर वैशाली, सारण,सीवान, मुजफ्फरपुर , मधुबनी, सीतामढ़ी ओर शिवहर में बारिश हो सकती है।


Next Story