- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- South 24 Parganas:...
South 24 Parganas: कानून छात्रा का फंदे से लटकता शव मिलने से सनसनी

दक्षिण 24 परगना: जिले के काकद्वीप में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। स्थानीय अदालत परिसर स्थित एक वकील के चेंबर से एक कानून छात्रा का फंदे से लटकता शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान सोनिया हालदार (21) के रूप में हुई है, जो काकद्वीप के गांधीनगर क्षेत्र की निवासी थी।
सूत्रों के अनुसार, सोनिया हालदार कानून की प्रथम वर्ष की छात्रा थी और प्रैक्टिस के लिए वह काकद्वीप अदालत के अधिवक्ता शेख मनौव्वर लम के चेंबर में जाया करती थीं। बुधवार सुबह भी वह रोज़ की तरह कॉलेज और फिर चेंबर के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम परिवार को उसकी असामान्य मृत्यु की खबर मिली। परिजनों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, छात्रा का शव वकील के चेंबर से बरामद किया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हत्या है या आत्महत्या।
छात्रा के परिवार की ओर से संबंधित वकील के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद इलाके और अदालत परिसर में सनसनी फैल गई है। स्थानीय निवासी इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई उजागर करने की मांग कर रहे हैं।





