- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- 4 साल में 141 करोड़ के...

पश्चिम बंगाल| कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा विवाद सामने आया है, जिसमें तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की चार्टर्ड फ्लाइट यात्राओं पर सवाल उठे हैं। ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, पिछले चार वर्षों में टीएमसी ने चार्टर्ड विमानों पर करीब 141 करोड़ रुपए खर्च किए हैं, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है।
रिपोर्ट में सामने आया है कि वर्ष 2022 में 35 करोड़ रुपए, 2023 में 13 करोड़ रुपए, 2024 में 56 करोड़ रुपए और 2025 में 37 करोड़ रुपए विमान यात्राओं पर खर्च किए गए। इस खुलासे के बाद यह दावा किया जा रहा है कि किसी भी क्षेत्रीय पार्टी द्वारा हवाई यात्रा पर किया गया यह अब तक का सबसे बड़ा खर्च है।
इस मुद्दे के सामने आने के बाद टीएमसी के भीतर भी असंतोष देखने को मिल रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने इस खर्च पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि यदि यह पैसा पार्टी फंड से खर्च किया गया है तो वह इसका समर्थन नहीं करते।
वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस मुद्दे को लेकर टीएमसी और अभिषेक बनर्जी पर हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने इसे फिजूलखर्ची बताते हुए कहा कि इतनी राशि में एक विमान भी खरीदा जा सकता था। इस विवाद ने पश्चिम बंगाल की सियासत में नया तनाव पैदा कर दिया है।





