- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Raniganj: धर्मांतरण...

पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के रानीगंज स्थित रामबागान क्षेत्र के आस्था भवन में कथित धर्मांतरण के आरोपों के बाद रविवार को भारी हंगामा हो गया। आरोप है कि यहां प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण की कोशिश की जा रही थी, जिसके बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP), बजरंग दल और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। स्थिति बिगड़ने पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंची और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिलाओं समेत करीब डेढ़ दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सभा में शामिल लोगों को स्वास्थ्य लाभ, मानसिक तनाव से राहत और भय से मुक्ति जैसे दावों के जरिए प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि धन या किसी अन्य प्रलोभन देने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
विहिप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभाओं की आड़ में लोगों को बहकाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। भाजपा नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं आयोजकों ने सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।





