पश्चिम बंगाल

बारुईपुर मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस की कार्रवाई, तीन और पकड़े गए

Saba Naaz
11 July 2026 4:38 PM IST
बारुईपुर मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस की कार्रवाई, तीन और पकड़े गए
x

दक्षिण 24 परगना। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में हुए मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दौरे से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच लगातार जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बारुईपुर के सूर्यपुर इलाके में हुई घटना को लेकर पुलिस ने कई अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। इनमें मॉब लिंचिंग, पुलिस पर हमला और रेल अवरोध जैसे मामले शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि इससे पहले दो लोगों को हिरासत में लिया जा चुका था।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर आगे भी गिरफ्तारियां की जाएंगी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शनिवार को बारुईपुर दौरे पर पहुंचने वाले हैं। अपने दौरे के दौरान वह पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह इंद्रजीत मंडल के घर जाकर उसके परिजनों से भी मिलेंगे। इसके बाद सूर्यपुर में नवनिर्मित पुलिस आउटपोस्ट का उद्घाटन करेंगे।

गौरतलब है कि बारुईपुर इलाके में नाबालिग बच्ची से कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद माहौल बिगड़ गया था। पुलिस के अनुसार, बच्ची का शव 4 जुलाई को सूर्यपुर इलाके के एक तालाब से बरामद किया गया था। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और प्रदर्शन शुरू हो गए।

इसी दौरान भीड़ ने संदेह के आधार पर स्थानीय युवक इंद्रजीत मंडल को पकड़ लिया और उसकी कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बाद में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटनास्थल का दौरा किया था और कहा था कि इंद्रजीत मंडल निर्दोष था। उन्होंने उसके परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था।

वहीं, नाबालिग बच्ची से जुड़े दुष्कर्म और हत्या मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल एक आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने हथियार छीनकर भागने की कोशिश की थी। हालांकि, इस मुठभेड़ की जांच भी जारी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने जुटाए हैं।

इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। विपक्षी दलों ने कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं, जबकि प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बारुईपुर की घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान करने के लिए जांच तेज कर दी गई है। साथ ही इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

Next Story