पश्चिम बंगाल

Medinipur: पत्नी पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई, आरोपी पकड़ा गया

Admindelhi1
11 July 2026 2:08 PM IST
Medinipur: पत्नी पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई, आरोपी पकड़ा गया
x
पत्नी को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पति गिरफ्तार, जांच जारी

मेदिनीपुर: पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल केंद्रीय बस स्टैंड क्षेत्र में एक महिला पर धारदार हथियार से हमले की घटना से सामने आई है । आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी का गला काटकर हत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल महिला को घाटाल महकमा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल महिला की पहचान पियू मंडल के रूप में हुई है। उनका विवाह कुछ वर्ष पूर्व रिंटू मंडल के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही दोनों के बीच पारिवारिक कलह चल रही थी। इसी कारण दोनों लंबे समय से अलग-अलग रह रहे थे। पियू मंडल घाटाल के कृष्णनगर स्थित अपने मायके में रह रही थीं, जबकि रिंटू मंडल का घर घाटाल के कुशपाता क्षेत्र में है।

बताया गया है कि शुक्रवार शाम पियू मंडल अपनी बहन के साथ बाजार गई थीं। उसी समय रिंटू मंडल ने पीछे से आकर उन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में पियू के गले में गंभीर चोट लगी और वह रक्तरंजित अवस्था में सड़क पर गिर पड़ीं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें बचाकर घाटाल महकमा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

सूचना मिलते ही घाटाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित रिंटू मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

Next Story