- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- पीएम मोदी का बंगाल...
पीएम मोदी का बंगाल दौरा, नवरात्रि उत्सव में शामिल होंगे

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य के सबसे बड़े सांस्कृतिक उत्सव दुर्गा पूजा को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता आने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी पूजा के दौरान शहर में मौजूद रहने की चर्चा है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री किसी प्रमुख पूजा पंडाल में दर्शन और अंजलि भी दे सकते हैं। सरकार और भाजपा नेतृत्व की रणनीति दुर्गा पूजा को केवल बंगाल के पारंपरिक उत्सव तक सीमित न रखकर इसे विश्वस्तरीय सांस्कृतिक आयोजन के रूप में स्थापित करने की है। यूनेस्को द्वारा इसे ‘इंटैंजिबल कल्चरल हेरिटेज ऑफ ह्यूमैनिटी’ का दर्जा मिलने के बाद इस दिशा में प्रयास और तेज हो गए हैं।
सरकारी सूत्रों के अनुसार इस बार दुर्गा पूजा का सीधा प्रसारण देश के 108 प्रमुख शहरों में किया जाएगा। षष्ठी और सप्तमी के दौरान कोलकाता की प्रमुख पूजा समितियों के आयोजन बड़े स्क्रीन के माध्यम से देशभर में दिखाए जाएंगे। इससे बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने के साथ पर्यटन और निवेश को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सरकार विदेशी राजनयिकों, सांस्कृतिक प्रतिनिधियों और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों को भी इस आयोजन से जोड़ने की योजना पर काम कर रही है। इसमें ‘ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी’ की भूमिका की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि दुर्गा पूजा की परंपरा और धार्मिक स्वरूप में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा, बल्कि इसे वैश्विक मंच पर अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं संकेत मिले हैं कि इस वर्ष दुर्गा पूजा कार्निवल आयोजित नहीं किया जाएगा और फोकस अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग पर रहेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल सफल रही तो कोलकाता की दुर्गा पूजा आने वाले वर्षों में वैश्विक सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित हो सकती है।





