पश्चिम बंगाल

“सर यहां एक शव है”, मौके पर चीख-पुकार

Saba Naaz
24 Jun 2026 4:05 PM IST
“सर यहां एक शव है”, मौके पर चीख-पुकार
x

पश्चिम बंगाल: तारातला फैक्ट्री शेड हादसा: मलबे में दबे शव, सेना और एनडीआरएफ का संयुक्त रेस्क्यू अभियान जारी कोलकाता के तारातला इलाके में हुए फैक्ट्री शेड ढहने के हादसे ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यहां परिवहन विभाग के गोदाम का निर्माण कार्य चल रहा था। बुधवार सुबह भी अन्य दिनों की तरह काम सामान्य रूप से जारी था, लेकिन इसी दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया। घटना से करीब आधे घंटे पहले एक लोहे का बीम हिल गया और कई जगहों से कमजोर हो गया, जिसके बाद पूरा ढांचा ढह गया।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर ईंटों और लोहे के ढेर बिखर गए। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार, इस घटना में 40 से 50 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोगों की मौत की भी सूचना है। मलबे के नीचे दबे शवों को निकालने का प्रयास लगातार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, एनडीआरएफ, पुलिस और बाद में सेना की टीम भी मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य में भारी मशीनों और क्रेनों की मदद ली जा रही है। लोहे के भारी बीमों को गैस कटर से काटकर मलबा हटाया जा रहा है ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।

स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में प्रशासन की मदद कर रहे हैं। घटनास्थल पर भयावह दृश्य देखने को मिल रहा है, जहां मलबे में कई शव दबे होने की आशंका है। एक अधिकारी के अनुसार, मलबे के बीच शवों की स्थिति बेहद दर्दनाक है और उन्हें बाहर निकालना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

घायलों को तत्काल एसएसकेएम अस्पताल समेत अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। अस्पतालों में पुरुषों के साथ महिलाओं का भी इलाज चल रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले ही बीम में कंपन और टूटने के संकेत मिले थे, लेकिन मजदूर उसे ठीक करने के लिए अंदर गए थे। इसी दौरान पूरा टिन का ढांचा अचानक भरभराकर गिर पड़ा।

फिलहाल राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है और प्रशासन ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है। घटना की जांच के आदेश दिए जाने की संभावना है ताकि यह पता लगाया जा सके कि निर्माण कार्य के दौरान इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।

Next Story