पश्चिम बंगाल

तारातला दुर्घटना, मलबे में जिंदगी की जंग

Saba Naaz
24 Jun 2026 3:53 PM IST
तारातला दुर्घटना, मलबे में जिंदगी की जंग
x

पश्चिम बंगाल : कोलकाता के तारातला इलाके में एक फैक्ट्री गोदाम के निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन ढांचा पहले आंशिक रूप से कमजोर हुआ और इसके बाद पूरा टिन और लोहे का शेड अचानक ढह गया। हादसे के समय कई मजदूर अंदर मौजूद थे और देखते ही देखते पूरा इलाका मलबे में तब्दील हो गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसे से पहले निर्माण कार्य सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन अचानक एक लोहे का बीम खिसक गया और कई जगहों से टूट गया। मजदूर उसे ठीक करने और ढांचे को दोबारा खड़ा करने के लिए अंदर गए थे, तभी पूरा ढांचा जोरदार धमाके के साथ गिर गया। इस दौरान 40 से 45 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि अपुष्ट जानकारी के अनुसार अब तक 6 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

घटना के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से लोहे के भारी बीम काटकर बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय लोग भी राहत कार्य में मदद कर रहे हैं। कई घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। कई लोगों के हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ मलबे में दबे हुए हैं।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दृश्य बेहद भयावह था, जहां लोहे के बीम के नीचे दबे लोग चीखते रहे और कई शव मलबे में फंसे हुए दिखाई दिए। कुछ लोगों के शरीर के अंग कुचल जाने की भी जानकारी सामने आई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

घटना के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर भी हलचल देखी गई। विभिन्न अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, लेकिन इस दौरान कुछ राजनीतिक विवाद की स्थिति भी बनी। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Next Story