- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- मॉनसून ने बढ़ाई...

पश्चिम बंगाल: पिछले कुछ दिनों से निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव के कारण लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, यह निम्न दबाव क्षेत्र अब ओडिशा की ओर बढ़ गया है और वर्तमान में दीघा से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित है। इसके असर से ओडिशा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि इसका प्रभाव बंगाल के कई हिस्सों में भी बना हुआ है। कोलकाता में सोमवार सुबह से ही आसमान बादलों से ढका रहा और दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। कभी हल्की बूंदाबांदी तो कभी तेज बारिश के कारण शहर में यातायात भी धीमा पड़ गया। अलीपुर मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण बंगाल में आज भी बारिश जारी रहेगी।
मौसम विभाग ने पुरुलिया, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में गरज-चमक के साथ बारिश और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर बंगाल में स्थिति और गंभीर रहने की संभावना है। जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दार्जिलिंग, कालीम्पोंग और कूच बिहार में भी छिटपुट भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से दक्षिण बंगाल में बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, लेकिन पूरे सप्ताह गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। सप्ताहांत में कोलकाता में फिर से बारिश बढ़ने की संभावना है। कुल मिलाकर पूरे राज्य में मॉनसून सक्रिय है और कई जिलों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।





