- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- मेसी मामले में जांच...

पश्चिम बंगाल: लियोनेल मेसी के युवा भारती दौरे से जुड़े अफरा-तफरी मामले में जांच एक बार फिर तेज हो गई है। इस केस में राज्य के पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास को पुलिस ने नया नोटिस जारी किया है और उन्हें मंगलवार (7 जुलाई) सुबह 10 बजे तक बिधाननगर साउथ पुलिस स्टेशन में पेश होने का निर्देश दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, अरूप विश्वास पर आरोप है कि वे कई बार नोटिस मिलने के बावजूद पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। हालांकि, कोर्ट के आदेश के बाद वे पिछले महीने 18 जून को पुलिस स्टेशन पहुंचे थे, जहां उनसे लंबी पूछताछ की गई थी।
इससे पहले 4 जून को पहला नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर पेशी टाल दी थी। 8 जून को दूसरा नोटिस मिलने के बावजूद वे उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद 13 जून को तीसरा नोटिस जारी किया गया था। बाद में कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद वे पुलिस के सामने पेश हुए थे। मामला लियोनेल मेसी के युवा भारती स्टेडियम कार्यक्रम के दौरान हुई कथित अव्यवस्था और टिकट से जुड़े विवाद से जुड़ा है। इस घटना के बाद स्पोर्ट्स प्रमोटर सताद्रु दत्ता को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग, वित्तीय अनियमितता और सत्ता के दुरुपयोग जैसी बातें सामने आई हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि टिकट कितने दाम में बेचे गए और उससे प्राप्त धन किन खातों में गया। पुलिस का कहना है कि अरूप विश्वास से पूछताछ का उद्देश्य पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ना है ताकि वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की सच्चाई सामने आ सके। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है और सभी संबंधित लोगों से सहयोग की अपील की है।





