पश्चिम बंगाल

तमन्ना खातून केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Saba Naaz
24 Jun 2026 8:54 PM IST
तमन्ना खातून केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
x

पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में तमन्ना खातून की मौत से जुड़े मामले की जांच में तेजी आ गई है। पुलिस ने इस केस में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद अब तक गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 13 हो गई है। यह कार्रवाई मंगलवार देर रात एक विशेष अभियान के दौरान की गई।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साबिर शेख और जियारुल शेख के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

यह मामला 23 जून को कालीगंज में हुए उस घटना से जुड़ा है, जब विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद निकाले गए विजय जुलूस के दौरान फेंके गए बम की चपेट में आकर 13 वर्षीय छात्रा तमन्ना खातून की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह भी सामने आया था कि घटना किसी झड़प के दौरान फेंके गए बम के कारण हुई हो सकती है, हालांकि जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

इस बीच पीड़ित परिवार से मिलने के बाद प्रशासन ने मामले में तेजी दिखाई है। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद कार्रवाई में तेजी आई है, जिससे परिवार ने राहत की बात कही है। तमन्ना की मां ने कहा कि न्याय की दिशा में कदम बढ़ने से उन्हें उम्मीद जगी है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story