पश्चिम बंगाल

तारातला में निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिरने से मची अफरा-तफरी, बचाव कार्य में जुटी एजेंसियां

SHIDDHANT
24 Jun 2026 8:31 PM IST
तारातला में निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिरने से मची अफरा-तफरी, बचाव कार्य में जुटी एजेंसियां
x
Kolkata कोलकाता। कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिरने की घटना के बाद बचाव कार्य लगातार जारी है। हादसे को लेकर पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने कहा कि जब तक अंतिम व्यक्ति को सुरक्षित बाहर नहीं निकाल लिया जाता, तब तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने घटनास्थल की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन, राहत एवं बचाव दल पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "हम लोगों में उम्मीद और हौसला है। जब तक आखिरी व्यक्ति को नहीं निकाल लिया जाता, तब तक अभियान नहीं रुकेगा। इस घटना से हमें बहुत दुख है और हम प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं।"
हादसे के बाद मौके पर पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन टीम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तैनात हैं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। बचावकर्मी भारी मशीनों और आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम कर रहे हैं।
प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से घेर लिया है और लोगों से घटनास्थल के पास अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी खामी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की बात कही है।
Next Story