पश्चिम बंगाल

शुभेंदु सरकार का बड़ा फैसला, जिले और अनुमंडल पुनर्गठन

Saba Naaz
22 Jun 2026 6:56 PM IST
शुभेंदु सरकार का बड़ा फैसला, जिले और अनुमंडल पुनर्गठन
x

पश्चिम बंगाल: कोलकाता में पेश पश्चिम बंगाल बजट 2026 में राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने घोषणा की है कि राज्य में 5 नए जिले बनाए जाएंगे, साथ ही कई अनुमंडलों और नगरपालिकाओं का पुनर्गठन किया जाएगा।

घोषणा के अनुसार जिन नए जिलों का गठन किया गया है उनमें बसीरहाट, सुंदरबन, जंगीपुर, आरामबाग और कांथी शामिल हैं। कांथी को पुलिस जिला बनाया जाएगा, जबकि गोपीबल्लवपुर को नया अनुमंडल घोषित किया गया है।

इसके अलावा प्रशासनिक विस्तार के तहत कई नई नगरपालिकाओं के गठन की भी घोषणा की गई है। इनमें शिब्निबास, गजोल, ताल, बेल्दा, बागानन, जयागी, कोलाघाट, कामारपुकुर और तुंगीपारी शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य प्रशासनिक विकेंद्रीकरण को मजबूत करना और स्थानीय स्तर पर सेवाओं को तेज करना है।

घोषणा के बाद कई क्षेत्रों में खुशी का माहौल देखा गया। आरामबाग में लोगों ने जश्न मनाया और मिठाइयां बांटी गईं। लंबे समय से अलग जिला बनने की मांग कर रहे लोगों ने इसे अपनी जीत बताया। गोघाट और बसीरहाट में भी लोगों ने उत्सव मनाया और सरकार के फैसले का स्वागत किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नया जिला बनने से विकास कार्यों में तेजी आएगी और प्रशासनिक सुविधाएं आसान होंगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अगले 6 महीनों के भीतर नई संरचना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

इस फैसले को राज्य में अब तक के सबसे बड़े प्रशासनिक पुनर्गठन में से एक माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में कई जिलों की सीमाएं और प्रशासनिक व्यवस्था बदल सकती है।

Next Story