- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- खाड़ी में लो प्रेशर...
खाड़ी में लो प्रेशर सिस्टम, तटीय इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी

Bengal Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत निम्न दबाव के कारण पश्चिम बंगाल में मौसम ने गंभीर रूप ले लिया है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, सिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है और इसके असर से तटीय इलाकों में तेज हवाएं और समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। दीघा, ताजपुर और मंदारमणि समुद्र तटों पर हाई-अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पर्यटकों के समुद्र में उतरने और नहाने पर रोक लगा दी गई है, जबकि मछुआरों को गहरे समुद्र में जाने से मना किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि कोलकाता और आसपास के इलाकों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है, वहीं पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम और पुरुलिया जैसे जिलों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक अति भारी वर्षा की संभावना है। हावड़ा, हुगली और दक्षिण 24 परगना में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तर बंगाल में भी दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। समुद्र में हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने से हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।





