- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- कोलकाता में चोरी की...

कोलकाता: बेनियापुकुर थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल डिटेक्टिव ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (CDTI) में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, जहां एसी की आउटडोर यूनिट से तांबे के तार और पाइप चोरी कर लिए गए। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार देर रात की है, जब दो चोर संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर परिसर में घुस गए। चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए संस्थान में लगे तीन एयर कंडीशनर की आउटडोर यूनिट से तांबे के तार और पाइप काटकर चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए। अगली सुबह जब कर्मचारियों ने सामान की जांच की तो चोरी का पता चला, जिसके बाद संस्थान में हड़कंप मच गया। तुरंत ही बेनियापुकुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध चोरी करते हुए साफ दिखाई दिए।
पुलिस ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान मिथुन मलिक और मोहम्मद समीर के रूप में की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को कोलकाता की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 9 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि चोरी जिस संस्थान में हुई, वह देश की जांच और सुरक्षा एजेंसियों के लिए प्रशिक्षण केंद्र है। ऐसे संवेदनशील परिसर में सुरक्षा में सेंध लगना पुलिस और प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी अकेले थे या किसी बड़े कबाड़ माफिया या गिरोह से जुड़े हैं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि इतनी सख्त सुरक्षा के बावजूद वे परिसर में कैसे दाखिल हो पाए। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।





