पश्चिम बंगाल

निर्वस्त्र हालत में महिला की लाश

Saba Naaz
5 July 2026 9:12 PM IST
निर्वस्त्र हालत में महिला की लाश
x

पश्चिम बंगाल: पुरुलिया जिले में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां तालाब के किनारे एक वृद्ध महिला का निर्वस्त्र और खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डिमडिहा गांव की है। ग्रामीणों ने रविवार सुबह शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार, महिला शनिवार रात से लापता थी। अगले दिन सुबह उनका शव तालाब किनारे बेहद वीभत्स हालत में मिला। शव पर कपड़े नहीं थे और सिर व शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे खून बहकर आसपास फैल गया था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या के साथ-साथ यौन हिंसा की आशंका भी जताई है।

सूचना मिलते ही पुरुलिया मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। डीएसपी (अनुशासन एवं प्रशिक्षण) सैकत स्वर्णकार और थाना प्रभारी विभास राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। परिजनों के अनुसार, मृतका तलाक के बाद अपने मायके में रह रही थीं और उन्हें मानसिक समस्या भी थी। शनिवार रात उन्हें आखिरी बार तालाब की ओर जाते देखा गया था। परिजनों का कहना है कि वह अक्सर वहां टहलने जाती थीं, लेकिन इस बार वापस नहीं लौटीं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Next Story