- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- कोलकाता में प्रतिमा का...

कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 6 जुलाई को पश्चिम बंगाल के दौरे पर आ सकते हैं। यह दौरा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर बताया जा रहा है। इस दौरान उनके कई सरकारी और राजनीतिक आयोजनों में शामिल होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, अमित शाह इस दिन हुगली जिले के जिराट स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास परिसर में प्रस्तावित 125 फीट ऊंची प्रतिमा का शिलान्यास कर सकते हैं। इसके अलावा पुराने घर के जीर्णोद्धार और आसपास के क्षेत्र के विकास से जुड़ी योजनाओं की भी शुरुआत की जा सकती है।
राज्य सरकार ने इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। योजना के तहत स्मारक स्थल का विकास, पुस्तकालय निर्माण और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सरकार ने 6 जुलाई को इस अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है और राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारी की गई है।
इधर, अमित शाह के दौरे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कोलकाता के साल्टलेक स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश और केंद्रीय स्तर के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की गई।
सूत्रों का कहना है कि अमित शाह कोलकाता के विश्व बंगला कन्वेंशन सेंटर में भी एक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक की भी संभावना जताई जा रही है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती को लेकर राज्य सरकार और भाजपा दोनों स्तर पर बड़े कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है। इस अवसर को लेकर प्रशासन और राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है।





