पश्चिम बंगाल

पूर्व TMC सांसद के पति शाकिर अली गिरफ्तार

Saba Naaz
30 Jun 2026 2:35 PM IST
पूर्व TMC सांसद के पति शाकिर अली गिरफ्तार
x

कोलकाता/हुगली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद अपरूपा पोद्दार के पति और हुगली जिले के रिसड़ा क्षेत्र के पार्षद शाकिर अली को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी 2023 में रामनवमी के दौरान रिसड़ा में हुए सांप्रदायिक तनाव और हिंसा से जुड़े मामले में की गई है, जिसकी जांच अब एनआईए कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, एनआईए की टीम मंगलवार सुबह सीआरपीएफ सुरक्षा के साथ चार वाहनों में शाकिर अली के आ वास पर पहुंची। उस समय वह घर पर ही मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की गई। शाकिर अली रिसड़ा के 4 नंबर वार्ड के तृणमूल पार्षद हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि 2023 के दंगों के दौरान हुई हिंसा, उकसावे और उससे जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ के लिए उन्हें हिरासत में लिया गया है। इससे पहले मामले की जांच स्थानीय स्तर पर की जा रही थी, लेकिन बाद में इसकी गंभीरता को देखते हुए इसे एनआईए को सौंप दिया गया।

इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। सत्ताधारी दल के कुछ नेताओं ने हिंसा में उकसावे की भूमिका का आरोप लगाया है, जबकि विपक्ष ने इसे कानून-व्यवस्था की विफलता बताया है। इसी दिन एक अन्य मामले में भी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े नेता सुदर्शन बार को गिरफ्तार किया गया। श्रीरामपुर थाने की पुलिस ने उन्हें मारपीट, जमीन कब्जा, भ्रष्टाचार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के आरोपों में हिरासत में लिया है।

इसके अलावा एक पंचायत सदस्य की भी गिरफ्तारी हुई है, जिस पर मारपीट, जमीन हड़पने और रंगदारी जैसे गंभीर आरोप हैं। भाजपा विधायक दिलीप सिंह ने आरोप लगाया है कि गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ रेप और अन्य गंभीर मामले भी दर्ज हैं। फिलहाल सभी मामलों की जांच जारी है और पुलिस प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।

Next Story