- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Aditi Mishra की बिहार...

पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के पानागढ़ की रहने वाली अदिति कुमारी मिश्रा ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्हें इस परीक्षा में 1332वीं रैंक प्राप्त हुई है और उनका चयन ब्लॉक एससी-एसटी वेलफेयर ऑफिसर पद पर हुआ है।
अदिति मिश्रा पानागढ़ बाजार नेताजी रोड की निवासी हैं। जैसे ही उनके चयन की खबर सामने आई, पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने इसे पानागढ़ के लिए गर्व का क्षण बताया, क्योंकि अदिति BPSC परीक्षा में सफलता पाने वाली क्षेत्र की पहली छात्रा बन गई हैं।
अदिति ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। उन्होंने दुर्गापुर पब्लिक स्कूल से 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टॉप किया था। इसके बाद उन्होंने ओपन यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और काशी हिंदू विश्वविद्यालय से मानवशास्त्र में एमए की डिग्री हासिल की। वे नेट परीक्षा भी क्वालिफाई कर चुकी हैं। उनकी सफलता का सफर घर पर रहकर की गई कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने पहले ही प्रयास में BPSC जैसी कठिन परीक्षा पास कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
BPSC 70वीं CCE परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। लगभग 4.83 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से प्रारंभिक परीक्षा में 3,28,990 अभ्यर्थी शामिल हुए। मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के बाद 2,035 पदों के लिए अंतिम परिणाम जारी किया गया। अदिति की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पानागढ़ क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी।





