पश्चिम बंगाल

तारातला के बाद हुगली में हादसा, स्कूल भवन क्षतिग्रस्त

Saba Naaz
25 Jun 2026 9:47 PM IST
तारातला के बाद हुगली में हादसा, स्कूल भवन क्षतिग्रस्त
x

पश्चिम बंगाल: हुगली जिले के श्रीरामपुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जब कैलाशचंद्र साधुखां हाई स्कूल में निर्माणाधीन भवन का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस हादसे ने पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर दिया।

यह घटना कोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन गोदाम का छज्जा गिरने के एक दिन बाद सामने आई है, जिससे राज्य में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू होने के समय से ही इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता पर संदेह जताया जा रहा था, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण में घटिया बालू, सीमेंट और ईंटों का उपयोग किया जा रहा था। उनका कहना है कि यह घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि लंबे समय से चल रही लापरवाही और अनियमितताओं का परिणाम है। लोगों ने चिंता जताई है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

घटना के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। भाजपा नेता और पंचायत सदस्य शुभंकर चक्रवर्ती और संदीप जाना ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया से लेकर निर्माण तक कई स्तरों पर अनियमितताएं हुई हैं और इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्कूल प्रबंधन ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर असंतोष जताया है। प्रबंधन का कहना है कि कई बार संबंधित इंजीनियरों को शिकायत दी गई थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। इससे पहले भी निर्माण कार्य की धीमी गति और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए। इसके साथ ही निर्माण सामग्री की लैब टेस्टिंग और परियोजना का वित्तीय ऑडिट कराने की भी मांग की गई है। लोगों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की अपील की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है, लेकिन लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार के इन आरोपों पर क्या कार्रवाई होती है।

Next Story