उत्तराखंड

आपदा में सबसे पहले मदद करें कार्यकर्ता, राजनाथ सिंह ने दिया संगठन मजबूत करने का मंत्र

Ratna Netam
22 Nov 2026 6:32 PM IST
आपदा में सबसे पहले मदद करें कार्यकर्ता, राजनाथ सिंह ने दिया संगठन मजबूत करने का मंत्र
x
कार्यकर्ताओं को दी नसीहत
हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी संगठनात्मक और चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को नौ सूत्रीय मंत्र दिया। उन्होंने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के अनुशासन, युवाओं को जोड़ने, सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल और विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने पर विशेष जोर दिया।राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि भाजपा की असली ताकत उसकी सरकार नहीं, बल्कि उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की मजबूती को हमेशा प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन संगठन की निरंतरता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेतृत्व के बीच मजबूत संपर्क बनाए रखने की भी बात कही।
राजनाथ सिंह के नौ सूत्रीय मंत्र में ये बातें शामिल
1. संगठन को सरकार से ऊपर रखें: राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन है। पार्टी का संगठन उस समय भी मौजूद था, जब सत्ता में कोई सरकार नहीं थी। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को नेतृत्व से जुड़ाव महसूस होना चाहिए।
2. आपदा में सबसे पहले मदद के लिए पहुंचें : उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि किसी दुर्घटना या प्राकृतिक आपदा के समय वे सबसे पहले मदद के लिए पहुंचें। पार्टी कार्यकर्ताओं को समाज के बीच राहत और सहायता पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
3. सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें : रक्षा मंत्री ने आधुनिक संचार माध्यमों और सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए जनता से जुड़े रहना चाहिए और लोगों की प्रतिक्रियाओं को भी समझना चाहिए। इसका इस्तेमाल केवल प्रचार के लिए नहीं, बल्कि जनता से फीडबैक लेने के लिए भी किया जाना चाहिए।
4. व्यक्तिगत हमलों से बचें राजनाथ सिंह ने : कार्यकर्ताओं को राजनीतिक बयानबाजी में संयम बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति पर व्यक्तिगत हमला करने के बजाय मुद्दों पर आधारित राजनीति करनी चाहिए। विपक्ष की ओर से उकसाने की कोशिश होने पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने राजनीतिक मूल्यों और अनुशासन का ध्यान रखना चाहिए।
5. युवाओं को संगठन से जोड़ें: उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवाओं की टीम तैयार करने और उन्हें प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया। राजनाथ सिंह के अनुसार, युवाओं की भागीदारी संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
6. विपक्ष के आरोपों का तथ्यों से जवाब दें :उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जाने वाले आरोपों का जवाब तथ्यों और संस्थागत रिकॉर्ड के आधार पर दिया जाना चाहिए। उन्होंने ईवीएम के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देने और आपातकाल के इतिहास को याद दिलाने की बात भी कही।
7. सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं :राजनाथ सिंह ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पिछले 12 वर्षों के शासनकाल में किए गए कार्यों की जानकारी प्रत्येक घर तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं के लाभ और आम नागरिकों को मिली सुविधाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने को कहा।
8. राजनीति में नैतिकता बनाए रखें :उन्होंने कहा कि राजनीति में नैतिकता बेहद जरूरी है। अनैतिक तरीकों से संगठनात्मक अनुशासन बनाए नहीं रखा जा सकता। पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार और कार्यशैली में नैतिक मूल्यों का पालन करना चाहिए।
9. संगठन की एकजुटता बनाए रखें : राजनाथ सिंह ने पार्टी के भीतर आपसी एकता और समन्वय को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि छोटी-छोटी बातों और व्यक्तिगत नाराजगी के कारण संगठन की एकता कमजोर नहीं होनी चाहिए। कठिन परिस्थितियों में भी एकजुट रहना जरूरी है।
धामी सरकार के कामकाज की भी की सराहना
अपने संबोधन के दौरान राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार के कामकाज का भी उल्लेख किया। उन्होंने नकल विरोधी कानून और सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाने के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की।उन्होंने उत्तराखंड में भाजपा सरकार की तुलना हिमालय की मजबूती और गंगा की निरंतर धारा से करते हुए कहा कि पार्टी राज्य में फिर से सरकार बनाएगी और विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी। इसके लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं से भागीरथ जैसे प्रयास करने का आह्वान किया।
2027 विधानसभा चुनाव पर BJP का फोकस
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार में आयोजित विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई।बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। पार्टी की ओर से प्रदेशभर में जनसंपर्क और जनआशीर्वाद यात्रा जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।राजनाथ सिंह का नौ सूत्रीय संदेश मुख्य रूप से संगठनात्मक अनुशासन, जनसेवा, युवाओं की भागीदारी, नैतिकता और एकजुटता पर केंद्रित रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह संदेश आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण संगठनात्मक दिशा-निर्देश के रूप में सामने आया है।
Next Story