Lansdowne में गुलदार के हमले से महिला की मौत, गांवों में दहशत

Pauri Garhwal: पौड़ी गढ़वाल जिले के Lansdowne विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड के ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 27 जून की सुबह दो महिलाएं शांति देवी और सुशीला देवी घास काटने के लिए जंगल क्षेत्र में गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और गुलदार उसे घसीटकर जंगल की ओर ले गया।
साथ मौजूद शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। लेकिन कुछ समय बाद ग्रामीणों को घटना स्थल से कुछ दूरी पर सुशीला देवी का शव मिला।घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग को सूचित किया गया और टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने इलाके में गुलदार की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि जानवर की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
Forest Department Uttarakhand की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जा रही है और एक प्रशिक्षित शूटर को भी तैनात किया गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाएं और गुलदार दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है।





