उत्तराखंड

हल्द्वानी में गैस सिलिंडर से निकला पानी, उपभोक्ता के उड़े होश, जांच के लिए कंपनी को लिखा पत्र

Saba Naaz
29 July 2026 5:32 PM IST
हल्द्वानी में गैस सिलिंडर से निकला पानी, उपभोक्ता के उड़े होश, जांच के लिए कंपनी को लिखा पत्र
x

उत्तराखंड: हल्द्वानी शहर में गैस सिलिंडर को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां अब तक उपभोक्ता गैस सिलिंडर में घटतोली और कम गैस मिलने की शिकायत करते रहे हैं, वहीं इस बार सिलिंडर से गैस की जगह पानी निकलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद उपभोक्ता के होश उड़ गए। उन्होंने सिलिंडर से पानी निकलने का वीडियो बनाकर गैस एजेंसी में शिकायत दर्ज कराई।

मामला हल्द्वानी के देवलचौड़ खाम स्थित मां भवानी कालोनी फेज-3 का है। यहां रहने वाली विमला देवी ने बताया कि उन्होंने तीन दिन पहले ही नया भरा हुआ गैस सिलिंडर लगाया था। मंगलवार को खाना बनाते समय अचानक सिलिंडर बंद हो गया। जब उन्होंने सिलिंडर को चेक किया तो उसमें से गैस की जगह पानी निकलने लगा।

विमला देवी ने बताया कि सिलिंडर का नोजल खोलते ही पानी का फव्वारा निकलने लगा। यह देखकर वह काफी हैरान रह गईं। उन्होंने तुरंत इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग की और रामपुर रोड स्थित ज्वाला गैस एजेंसी को मामले की जानकारी दी।

शिकायत मिलने के बाद गैस एजेंसी की ओर से डिलीवरी कर्मचारी को मौके पर भेजा गया। कर्मचारी नया सिलिंडर लेकर पहुंचा और खराब सिलिंडर को बदल दिया गया। एजेंसी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित गैस कंपनी को जांच के लिए पत्र भी भेजा है।

जानकारी के अनुसार, विमला देवी ने करीब चार महीने पहले अपना भारत गैस कनेक्शन शाहजहांपुर से हल्द्वानी ट्रांसफर कराया था। ट्रांसफर के समय उन्हें दो सिलिंडर उपलब्ध कराए गए थे। इनमें से दूसरे सिलिंडर का इस्तेमाल उन्होंने तीन दिन पहले शुरू किया था, लेकिन कुछ ही दिनों में उसमें गैस की जगह पानी मिलने से मामला सामने आ गया।

यह पहला मामला नहीं है जब गैस सिलिंडर में पानी भरने की शिकायत सामने आई हो। कोरोना काल के दौरान दिसंबर 2020 में भी हल्द्वानी क्षेत्र में ऐसे कई मामले सामने आए थे। उस समय शहर के कई इलाकों में उपभोक्ताओं ने शिकायत की थी कि सिलिंडर में गैस कम और पानी ज्यादा भरा हुआ है।

उस दौरान नवाबी रोड, कुसुमखेड़ा, रानीबाग, दमुवाढूंगा, गौजाजाली, ऊंचापुल ग्रामीण क्षेत्र, पनियाली और रामपुर रोड जैसे इलाकों से शिकायतें मिली थीं। जांच में सामने आया था कि कुछ अवैध कारोबारी खाली सिलिंडरों में पानी भरकर उनके साथ छेड़छाड़ करते थे।

जानकारी के मुताबिक, ऐसे मामलों में खाली सिलिंडर का नोजल खोलकर उसमें पानी भर दिया जाता है। इसके बाद पानी के ऊपर गैस भरकर सिलिंडर को दोबारा सील कर दिया जाता है। गर्म पानी की मदद से सील को चिपकाने की कोशिश की जाती है ताकि सिलिंडर देखने में सामान्य लगे और उपभोक्ता को शक न हो।

हालांकि, वर्तमान मामले में यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि सिलिंडर में पानी कैसे पहुंचा। गैस एजेंसी और कंपनी की जांच के बाद ही इसकी वास्तविक वजह सामने आएगी। एजेंसी अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ता की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सिलिंडर बदल दिया गया है और कंपनी को जांच के लिए जानकारी भेज दी गई है।

गैस एजेंसी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि सिलिंडर लेने के बाद उसकी सील, वजन और स्थिति जरूर जांच लें। यदि सिलिंडर में किसी तरह की गड़बड़ी नजर आती है तो तुरंत संबंधित एजेंसी को सूचना दें।

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि घरेलू गैस सिलिंडर सुरक्षा से जुड़ा मामला है, इसलिए कंपनियों को सिलिंडर की जांच व्यवस्था और मजबूत करनी चाहिए। फिलहाल हल्द्वानी के इस मामले में जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही पता चलेगा कि सिलिंडर में पानी पहुंचने की असली वजह क्या थी।

Next Story