उत्तराखंड

Roorkee में शादी समारोह के दौरान डीजे विवाद के बाद दो पक्षों में हिंसक झड़प, 11 गिरफ्तार

Gulabi Jagat
24 April 2026 10:03 PM IST
Roorkee में शादी समारोह के दौरान डीजे विवाद के बाद दो पक्षों में हिंसक झड़प, 11 गिरफ्तार
x

Haridwar: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर पथराव करते हुए देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल की शाम एक परिवार में शादी समारोह चल रहा था, जिसमें डीजे बजाया जा रहा था। देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजने की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और डीजे बंद कराया गया। हालांकि, अगले दिन गुरुवार को दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके, जिसमें कुछ लोगों ने घरों की छतों से भी पथराव किया। इस घटना में सड़क पर खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं और 4 पुरुषों को गिरफ्तार किया। इन सभी को शांतिभंग के आरोप में चालान कर न्यायालय में पेश किया गया है।

Haridwar Police के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। एक पक्ष से तनवीर, दानिश, चांद खां, शिफत सहित कई नामजद और अज्ञात लोग शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से भी कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चल रही थी और पूर्व में भी विवाद के मामले दर्ज हैं। इसे देखते हुए पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Story