उत्तराखंड

Uttarakhand: चारधाम यात्रा के दौरान बारिश और बर्फबारी की चेतावनी,अलर्ट

Sarita
6 May 2025 9:52 AM IST
Uttarakhand: चारधाम यात्रा के दौरान बारिश और बर्फबारी की चेतावनी,अलर्ट
x
Uttarakhand उत्तराखंड: मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी वर्षा, बर्फबारी, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए 07 और 08 मई को उत्तरकाशी जिले में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, अन्य जिलों के लिए 06, 07 और 08 मई को ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इस गंभीर मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए सीएम धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग विनोद कुमार सुमन से विस्तृत जानकारी ली और सभी जिलों की सक्रियता सुनिश्चित करने के लिए बैठक करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रुहेला और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने सोमवार को सभी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने और सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को पत्र भी भेजा गया है। सभी जिले मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को गंभीरता से लें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यदि कहीं अत्यधिक वर्षा हो रही है तो चारधाम यात्रियों को अस्थाई रूप से सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए तथा मौसम सामान्य होने पर ही उन्हें आगे की यात्रा करने की अनुमति दी जाए। बैठक में सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा से निपटने के लिए समुदाय आधारित चेतावनी प्रणाली विकसित की गई है। इसकी शुरुआत टिहरी जिले से हुई है, जहां जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा प्रत्येक गांव में पांच सदस्यीय समूह बनाए गए हैं।
ये समूह किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) को सूचित करेंगे। उन्होंने बताया कि इन सभी सदस्यों के मोबाइल नंबर डीईओसी में उपलब्ध रहेंगे, ताकि एक से संपर्क न हो पाने की स्थिति में दूसरे से तत्काल संवाद किया जा सके। इन समूहों के माध्यम से सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान होगा तथा इनके आधार पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकेंगे।
Next Story