उत्तराखंड

Uttarakhand: भारी बारिश की चेतावनी, रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

Sarita
20 July 2025 10:27 AM IST
Uttarakhand: भारी बारिश की चेतावनी, रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
x
Uttarakhand उत्तराखंड: उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के कुछ हिस्सों में रविवार को भारी बारिश का अनुमान जताते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र के नैनीताल, चंपावत और उधमसिंह नगर में रविवार को भारी बारिश होने की संभावना है। उसने गढ़वाल क्षेत्र के देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिलों के साथ-साथ कुमाऊं के बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है और इसके लिए 'ऑरेंज अलर्ट' भी जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन को सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने, मौके पर त्वरित कार्रवाई करने और आपात स्थिति में सूचनाओं के तत्काल आदान-प्रदान सहित आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा गया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के उप सचिव शिवशंकर मिश्रा द्वारा जिलाधिकारियों को जारी पत्र में कहा गया कि प्रत्येक थाने और चौकी पर आपदा संबंधी उपकरण और वायरलेस सेट तैयार रखे जाएं। पत्र के अनुसार, संबंधित आपदा प्रबंधन अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है, जबकि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) और केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) सहित विभागों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि किसी भी अवरोध की स्थिति में सड़क साफ करने का कार्य तुरंत शुरू किया जाए।
पत्र में कहा गया है कि सभी राजस्व पुलिस उप-निरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने स्थानों पर रहने के लिए कहा गया है। इसमें कहा गया है कि इस दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन बंद नहीं रहना चाहिए। पत्र में कहा गया है कि खराब मौसम या भारी बारिश के दौरान पर्यटकों को हिमालय के ऊपरी इलाकों में यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। इसमें कहा गया है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में आवश्यक यांत्रिक उपकरण पहले से उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
Next Story