
x
Uttarakhand उत्तराखंड: उत्तराखंड के हरिद्वार में हरियाणा के एक होटल व्यवसायी पर कथित तौर पर फायरिंग करने के आरोप में हरिद्वार पुलिस ने पंजाब के एक गिरोह के दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को यहां बताया कि 2 जून को रोहतक के 25 वर्षीय अरुण को गोली मारकर घायल करने की घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों - कपूरथला के मानव हंस (21) और नवांशहर के गौरव कुमार (28) को पंजाब के फगवाड़ा जिले से गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले में फरार आरोपी हिमांशु सूद, बॉबी और शम्मी खान की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गोलीबारी की यह घटना हरिद्वार के खरखड़ी स्थित सूखी नदी के पुल के पास हुई, जिसके बाद घायल अरुण को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में पीड़ित के पिता की शिकायत पर शहर थाने में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 109 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी नंदू उर्फ कपिल सांगवान गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और यह घटना गैंगवार की पुरानी रंजिश का नतीजा है।
यह भी पता चला कि नंदू की मंजीत महल गैंग से पुरानी रंजिश थी और उसने विदेश में बैठकर व्यापारी की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पंजाब में कई गंभीर धाराओं में आपराधिक मामले दर्ज हैं। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने मामले को सुलझाने वाली टीम की प्रशंसा की और अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के भी निर्देश दिए हैं।
Next Story





