उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम का कहर: पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर, मैदानी इलाको में बारिश ने किया तर-बतर, आज भी ओलावृष्टि की चेतावनी

Renuka Sahu
4 Feb 2022 5:43 AM GMT
उत्तराखंड में मौसम का कहर: पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर, मैदानी इलाको में बारिश ने किया तर-बतर, आज भी ओलावृष्टि की चेतावनी
x

फाइल फोटो 

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गुरुवार सुबह से जारी बर्फबारी से पहाड़ सफेद हो गए।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गुरुवार सुबह से जारी बर्फबारी से पहाड़ सफेद हो गए। मैदानी क्षेत्र में रुक-रुक हो रही बारिश से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। तराई में फसलों को नुकसान पहुंचा है। बारिश-बर्फबारी के कारण 62 से ज्यादा सड़कों पर यातायात ठप हो गया। मौसम विभाग ने आज भी पर्वतीय क्षेत्रों के लिए बारिश, बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।

हिल स्टेशनों ने ओढ़ी सफेद चार
मसूरी, धनोल्टी, चकराता और नैनीताल समेत तकरीबन सभी हिलस्टेशनों में बर्फबारी से व्यापारियों और पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। हालांकि, बर्फ के कारण सड़कें बंद होने और फिसलन के कारण उन्हें दिक्कतें भी उठानी पड़ी। नैनीताल में हिमपात देखने उमड़ी पर्यटकों की भीड़ के कारण लंबा जाम लग गया। मसूरी-धनोल्टी मार्ग बंद हो जाने से कई गाड़ियां फंस गईं।
बर्फबारी ने बढ़ाई दुश्वारियां
बर्फबारी के कारण राज्य की 62 से अधिक सड़कें बंद होने से लोग जगह जगह फंस गए। कर्णप्रयाग-नैनीताल हाईवे दिवालीखाल क्षेत्र में दस किमी तक बंद हो गया। इस कारण पोलिंग पार्टियां भी फंस गईं। बर्फबारी के कारण डेढ़ महीने से बंद माणा और नीति की सड़कों को खोलने में बीआरओ को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। त्यूणी-चकराता, चकराता-लाखामंडल मार्ग बंद से स्थानीय लोगों को मुश्किलें उठानी पड़ीं।
जेपी नड्डा का दौरा रद्द, बहुगुणा भी फंसे
मौसम की खराबी ने गुरुवार को चुनाव प्रचार पर भी खलल डाला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का उत्तरकाशी दौरा खराब मौसम के चलते रद्द हो गया। वहीं भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा राड़ी टॉप से पहले सिलक्यारा बैंड में फंस गए।
मैदान बारिश से तर-बतर
गुरुवार को पहाड़ के साथ साथ मैदानी क्षेत्र में भी बारिश का दौर जारी रहा। हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश में दोपहर तक बारिश जारी रहने से तापमान गिर गया। देहरादून में कहीं, जलभराव तो कुछ इलाकों में अधूरे निर्माण के कारण कीचड़ से वाहन चालकों और राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
आज ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, टिहरी, चंपावत और यूएसनगर के लिए बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा है कि, शुक्रवार को भी राज्य के अनेक स्थानों में भारी से बहुत भारी बारिश व हिमपात हो सकता है। कुमाऊं मंडल के कुछ जिलों के लिए भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 5, 6 व 7 फरवरी को उत्तरकाशी रुद्रप्रयाग चमोली बागेश्वर पिथौरागढ़ देहरादून जिलों में बारिश व बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है।
Next Story