उत्तराखंड

Uttarakhand:क्रिकेट लीग फर्जीवाड़े का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Sarita
7 Feb 2026 8:40 AM IST
Uttarakhand:क्रिकेट लीग फर्जीवाड़े का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
x
Uttarakhand उत्तराखंड: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम गौलापार (हल्द्वानी) में प्रस्तावित एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग (EVCL) के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोप है कि आयोजक ने पूर्व विधायक और हरियाणा के एक व्यक्ति से 32 लाख रुपए की ठगी की. जिस पर अब पुलिस ने आरोपी आयोजक को गिरफ्तार किया है. साथ ही उसके अकाउंट को फ्रीज कर दिया है. फिलहाल, आरोपी आयोजक को कोर्ट में पेश किया जा रहा है|
EVCL के नाम पर दो टीम मालिकों से की 32 लाख रुपए की धोखाधड़ी: दरअसल, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम गौलापार (हल्द्वानी) में प्रस्तावित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर फर्जीवाड़े का नैनीताल पुलिस ने खुलासा किया है. दो टीम मालिकों से कुल 32 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले लीग आयोजक विकास ढाका को काठगोदाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही आरोपी के लेन-देन से जुड़े दो बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है|
बता दें कि बीती 5 फरवरी 2026 को हरियाणा के झज्जर निवासी हेमंत शर्मा और सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल ने काठगोदाम थाने में तहरीर दी थी. शिकायत में बताया गया कि ईवीसीएल क्रिकेट लीग के मालिक विकास ढाका ने लीग आयोजन और नामचीन खिलाड़ियों की भागीदारी का झांसा देकर उनसे लाखों रुपए हड़प लिए. इस शिकायत के आधार पर काठगोदाम थाने में बीएनएस धारा 318 (4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया| वहीं, मामले का संज्ञान लेते हुए नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. जिसके बाद पुलिस की टीम ने 6 फरवरी को आरोपी विकास ढाका को काठगोदाम के मल्ला से गिरफ्तार किया. पुलिस ने मामले में आरोपी के बैंक खातों को फ्रीज कर आगे की जांच शुरू कर दी है|
Next Story