Paonta Sahib सीमा पर स्थिति सामान्य, निहंग सिख समुदाय के साथ बातचीत जारी, सुरक्षा कड़ी

Dehradun, देहरादून: निहंग सिख समुदाय के पंजाब से हिमाचल के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश के प्रयास के बीच पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में बनी हुई है। Dehradun प्रशासन और पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने पांवटा साहिब सीमा पर पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और तैनात अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सीमा पर देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच और निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। प्रशासन ने निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ पांवटा साहिब गुरुद्वारे में बातचीत भी शुरू की है, जिससे स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से संभाला जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति में इससे समझौता नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी प्रवेश मार्गों पर नाकेबंदी की गई है और किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।





