
x
Rudraprayag रुद्रप्रयाग: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर घोलथीर के पास गुरुवार सुबह एक बस खाई में गिरकर अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आठ घायल हैं। इनमें से चार को हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है। वहीं, वाहन समेत नौ लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। गुरुवार सुबह करीब सात बजे जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से 31 सीटर बस में राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के 18 यात्री, एक गाइड और चालक बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुए थे।
सुबह करीब साढ़े सात बजे जिला मुख्यालय से करीब 14 किमी दूर घोलथीर के पास बस अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गई। हादसा होते ही चालक सुमित समेत 10 लोग खिड़कियों से उछलकर नदी के पास खाई में गिर गए, जबकि अन्य बस समेत उफनती नदी में गिर गए। नदी के दूसरी ओर स्थित भटवाड़ी गांव निवासी शिक्षक सत्येंद्र सिंह भंडारी ने तत्काल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को हादसे की जानकारी दी। उनके साथ ही मरोड़ा व घोलथिर के ग्रामीण व व्यापारी भी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को निकालने में जुट गए।
कुछ ही देर में सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, डीडीआरएफ व जिला आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। रेस्क्यू टीम को खाई में एक किशोर समेत दो लोगों के शव मिले, जिनके शव सड़क तक लाए गए। रेलवे, आईटीबीपी व स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस से दो बच्चों समेत आठ घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चालक समेत चार गंभीर घायलों को हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजा गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में भर्ती चारों घायलों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि लापता यात्रियों की तलाश जारी है। धारी देवी मंदिर के पास नदी से लापता महिला का शव बरामद हुआ है। बचाव दल लापता लोगों की तलाश में लगे हुए हैं।
Next Story





