उत्तराखंड

उत्तराखंड में आज आएंगे नतीजे, सीएम धामी समेत इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

Renuka Sahu
10 March 2022 1:41 AM GMT
उत्तराखंड में आज आएंगे नतीजे, सीएम धामी समेत इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
x

फाइल फोटो 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, आम आदमी पार्टी के कर्नल अजय कोठियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, आम आदमी पार्टी के कर्नल अजय कोठियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है।

खटीमा : इस सीट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर सबकी निगाह लगी है। उनका मुकाबला कांग्रेस के भुवन कापड़ी से माना जा रहा है। मुकाबले में आप प्रत्याशी एसएस कलेर के मैदान में होने से चुनाव खासा दिलचस्प है। लोगों की उत्सुकता है कि सीएम रहते हुए चुनाव न जीत पाने का मिथक क्या धामी तोड़ देंगे।
लालकुआं : पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत इस सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वह मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं, इसलिए पूरी कांग्रेस की निगाहें उनकी सीट पर लगी है। उन्हें भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट ने कड़ी टक्कर दी है। इस सीट पर कांग्रेस की बागी प्रत्याशी संध्या डालाकोटी के मैदान होने से हरीश रावत के लिए चुनौती खासी कड़ी मानी जा रही है।
चकराता : नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और भाजपा के रामशरण नौटियाल के बीच मुकाबला है। भाजपा ने मशहूर गायक जुबिन नौटियाल ने अपने पिता के लिए जमकर प्रचार किया।
हरिद्वार : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और कांग्रेस के सत्यपाल ब्रहमचारी के बीच मुकाबला।
श्रीनगर गढ़वाल : यहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धनसिंह रावत हैं, जिससे चुनाव बेहद हॉट रहा है।
लैंसडौन : पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्र वधू अनुकृति गुसाईं के मैदान में होने से सबकी निगाहें इस सीट पर लगी है। अनुकृति के टिकट के चक्कर में हरक सिंह रावत को भाजपा से विदा होना पड़ा था।
गंगोत्री : हॉट सीट गंगोत्री के नतीजे को लेकर भी उत्सुकता है। इस सीट को लेकर मिथक है कि जिस दल का प्रत्याशी यहां चुनाव जीतता है, उस दल की प्रदेश में सरकार बनती है। गंगोत्री सीट पर आम आदमी पार्टी के सीएम पद के चेहरे कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) के मैदान में होने से मुकाबला रोचक माना जा रहा है। आज (बृहस्पतिवार) को खुलासा हो जाएगा बाजी भाजपा के सुरेश चौहान के हाथों में लगेगी या कांग्रेस के पूर्व विधायक विजय पाल सिंह सजवाण की नैया पार होगी।
नई टिहरी : इस सीट पर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए किशोर उपाध्याय को मैदान में उतारना कितना सटीक दांव रहा, इसका खुलासा आज हो जाएगा। इस सीट पर टिकट काटे जाने के कारण कांग्रेस से चुनाव लड़े धन सिंह नेगी और जन एकता पार्टी के उम्मीद दिनेश धनै के बीच है।
नरेंद्रनगर : इस सीट पर भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का मुकाबला अपनी पार्टी के बागी ओम गोपाल रावत से है, जिन्हें कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। कड़ी टक्कर में बाजी किसके हाथ लगेगी, आज इसका भी खुलासा हो जाएगा।
चौबट्टाखाल: इस सीट कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज दूसरी बार मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के केसर सिंह नेगी से है। उनकी प्रतिष्ठा यहां दांव पर लगी है।
ये रही अन्य सीटें
गदरपुर: इस सीट पर कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय के सामने यह मिथक तोड़ने की चुनौती है कि शिक्षा मंत्री चुनाव नहीं जीतते। पांडेय को कांग्रेस के प्रेमानंद महाजन ने कड़ी टक्कर दी है।
सोमेश्वर: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से सामने इस सीट पर कांग्रेस राजेंद्र बाराकोटी को उतारा है। मुकाबला कांटे का माना जा रहा है। आज तय हो जाएगा कि बाजी किसके हाथ लगी।
कालाढूंगी : यहां कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत के चुनाव पर सबकी निगाह लगी है। भगत की टक्कर कांग्रेस के महेश शर्मा से है। उम्रदराज भगत के लिए यह चुनाव निर्णायक राजनीतिक दांव की तरह के देखा जा रहा है।
डीडीहाट : इस सीट पर कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल के चुनाव पर भी लोगों की नजर लगी है। पिछले चार चुनाव से यहां पेयजल मंत्रियों के चुनाव हारने का भी मिथक रहा है। आज चुनाव नतीजा बताएगा कि चुफाल इस मिथक को तोड़ पाए या नहीं। उनका मुकाबला कांग्रेस के प्रदीप सिंह पाल से है।
कोटद्वार : इस सीट पर मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी की बेटी ऋतु खंडूड़ी को भाजपा ने नामांकन के आखिरी दिनों में उतारा। ऋतु यमकेश्वर से विधायक हैं, लेकिन वहां से उनका टिकट काट दिया गया। इस सीट पर भाजपा के बागी धीरेंद्र चौहान के मैदान में होने से मुकाबला बहुत दिलचस्प माना जा रहा है। कांग्रेस के सुरेंद्र सिंह नेगी की चुनौती से यह चुनाव त्रिकोणीय बना है।
बाजपुर : इस सीट पर पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव से ठीक पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए आर्य पर सबकी निगाह लगी है। इस सीट पर उनकी टक्कर भाजपा के राजेश कुमार से है, जबकि कांग्रेस की बागी सुनीता टम्टा बाजवा तीसरा कोण बना रही हैं।
हरिद्वार ग्रामीण : इस सीट पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की बेटी कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा रावत और बसपा के मोहम्मद शहजाद के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। सबकी निगाहें इस हॉट सीट का परिणाम जानने पर लगी है।
नैनीताल : इस सीट पर नाटकीय ढंग से भाजपा ने कांग्रेस की बागी सरिता आर्य को प्रत्याशी बनाया। उनकी टक्कर पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के बेटे संजीव आर्य से है, जो पिता के साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए।
मसूरी : इस सीट पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के चुनाव पर सबकी निगाह लगी है। उनका मुकाबला कांग्रेस की गोदावरी थापली से है।
Next Story