उत्तराखंड

रमेश पोखरियाल निशंक का BJP अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के विवादित बयान पर बचाव, जानें पूरा मामला

Renuka Sahu
14 Aug 2022 6:07 AM GMT
Ramesh Pokhriyal Nishank defends BJP President Mahendra Bhatts controversial statement, know the whole matter
x

फाइल फोटो 

हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के ‘शक की निगाह’ वाले बयान पर बचाव करते हुए सफाई दी है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के 'शक की निगाह' वाले बयान पर बचाव करते हुए सफाई दी है। निशंक ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के बयान में उनके भाव को समझना चाहिए। उसे अन्यथा नहीं लेना चाहिए। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि जो आदमी देश की आजादी का उत्सव नहीं मनाना चाहता है, ऐसा कोई व्यक्ति हो सकता है तो पहचान में आना चाहिए। फिर उसे देश में रहने का क्या हक है?

जो अपने देश की आजादी और देश के प्रति वफादार नहीं हो सकता है तो उसे देश में रहना चाहिए? भाजपा अध्यक्ष ने यह कहा कि हर घर में यदि तिरंगा होगा तो कितना स्वाभिमान सम्मान होगा। निशंक ने यह बातें हरिद्वार में आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान कही। शनिवार को हरिद्वार में आयोजित तिरंगा यात्रा में सांसद निशंक ने हरीश रावत पर भी जमकर निशाना साधा।
निशंक ने कहा कि हरीश रावत की बातों को कोई भी व्यक्ति सच नहीं मानता है। जिसकी जितनी मानसिकता है वह उतना बोलता है। उनकी बातों का जवाब देने का कोई फायदा नहीं है। निशंक ने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री मोदी की तरह जनता की सेवा करती तो कांग्रेस की यह दशा नहीं होती। कांग्रेस चौराहे पर नहीं होती।
निशंक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान के बाद हर छोटे बड़े राजनीतिक दल के नेताओं के हाथ में तिरंगा दिख रहा है। जनता में देश के लिए जुनून और जज्बा दिखाई दे रहा है। इस समय देश एकजुट है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि हर दिल में तिरंगा होना चाहिए। जिस दिन हर हाथ और हर दिल में तिरंगा होगा, विश्व में भारत शिखर पर होगा।निशंक ने हरिद्वार में तिरंगा यात्रा की शुरुआत ज्वालापुर पुल जटवाड़ा से शुरू की। आर्यनगर चौक, शंकर आश्रम चौक होते हुए शिव मूर्ति चौक पर यात्रा संपन्न हुई।
Next Story