उत्तराखंड

Pauri Garhwal: पांच किलोमीटर पैदल ले जाकर पुलिस ने बचाई श्रद्धालु की जान

Admindelhi1
1 Aug 2026 9:37 AM IST
Pauri Garhwal: पांच किलोमीटर पैदल ले जाकर पुलिस ने बचाई श्रद्धालु की जान
x

पौड़ी गढ़वाल: श्रावण मास कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मानवता और सेवा का भी उदाहरण पेश कर रही है। नीलकंठ पैदल यात्रा मार्ग पर अचानक एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने पर ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस जवानों ने अपनी संवेदनशीलता और तत्परता से उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

जानकारी के अनुसार, पुलिया खेत क्षेत्र में एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत खराब हो गई, जिससे वह आगे चलने में असमर्थ हो गया। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात रिक्रूट आरक्षी प्रकाश रावत और प्रियंक जोशी तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों जवानों ने बिना समय गंवाए अस्वस्थ श्रद्धालु को अपने सहारे करीब तीन किलोमीटर पैदल धांधला पानी तक पहुंचाया।

यहां उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क कर श्रद्धालु के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से श्रद्धालु को दो किलोमीटर और पैदल मुख्य सड़क तक लाया गया, जहां से उसे तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। श्रद्धालु और उसके परिजनों ने पुलिस जवानों के सेवा-भाव और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड पुलिस का यह मानवीय चेहरा श्रद्धालुओं के बीच भरोसा और सुरक्षा का संदेश दे रहा है।

Next Story