उत्तराखंड

हरिद्वार में पहले दिन चार लाख से अधिक कांवड़ यात्रियों ने भरा गंगा जल, शिवभक्तों पर आज हैलीकाप्टर से बरसेंगे फूल

Sarita
15 July 2022 10:55 AM IST
On the first day in Haridwar, more than four lakh kanwar pilgrims filled the Ganges water, today flowers will rain on Shiva devotees with a helicopter.
x

फाइल फोटो 

कांवड़ यात्रा के पहले दिन गुरुवार को करीब चार लाख से अधिक कांवड़ यात्रियों ने हरिद्वार में जल भरा।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कांवड़ यात्रा के पहले दिन गुरुवार को करीब चार लाख से अधिक कांवड़ यात्रियों ने हरिद्वार में जल भरा। वहीं आज दूसरे दिन कांवड़ यात्रियों पर हैलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि कांवड़ यात्रियों पर शुक्रवार को हैलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। यात्रियों का सरकार की ओर से भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए जगह-जगह बड़े होर्डिंग भी लगाए गए हैं।

पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने संभाली कमान

कांवड़ मेले में शांति व सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने कमान संभाल ली। हरकी पैड़ी से लेकर जनपद की सीमाओं तक पुलिस बल तैनात किया गया है। जबकि हरकी पैड़ी सहित संवेदनशील जगहों पर पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है।

मुस्तैदी से डयूटी करने के निर्देश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह रावत ने अधीनस्थों को साथ लेकर डयूटी प्वाइंट चेक किए और मुस्तैदी से डयूटी करने के निर्देश दिए गए। कांवड़ मेले में इस बार चार करोड़ से अधिक कांवड़ यात्री पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। पहले दिन चार लाख कांवड़ यात्रियों के गंगा जल भरने का दावा किया गया। इतनी भीड़ के दौरान सुरक्षा और यातायात की पुख्ता व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस व पीएसी के अलावा पैरामिलिट्री फोर्स भी बुलाई गई है। मेला शुरू होने से पहले ही अल सुबह ही जवानों ने अपने-अपने डयूटी प्वाइंट पर मोर्चा संभाल लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह रावत ने एसपी सिटी व कांवड़ मेले के नोडल अधिकारी स्वतंत्र कुमार सिंह, एसपी क्राइम व यातायात हिमांशु वर्मा, एएसपी ज्वालापुर रेखा यादव व सीओ सिटी शेखर सुयाल को साथ लेकर पूरे हरकी पैड़ी क्षेत्र व हाइवे का मुआयना किया।

ड्यूटी प्वाइंट का जायजा लेते हुए मुस्तैदी से डयूटी करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि कांवड़ मेले के लिए छह कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स मांगी गई थी। फिलहाल तीन कंपनी प्राप्त हुई है। इन सभी को महत्वपूर्ण जगहों पर तैनात कर दिया गया है। जैसे ही बाकी फोर्स आएगा, उनको भी तैनात कर दिया जाएगा।

Next Story