उत्तराखंड

Nainital: पुलिस ने लापता परिवार को सुरक्षित ढूंढ निकाला

Admindelhi1
12 May 2026 8:45 AM IST
Nainital: पुलिस ने लापता परिवार को सुरक्षित ढूंढ निकाला
x
"रुद्रपुर में लापता महिला मिली सुरक्षित"

नैनीताल: नैनीताल जनपद की कालाढूंगी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुई एक महिला और उसके दो नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के फलस्वरूप महिला और बच्चों को रिकॉर्ड समय में रुद्रपुर से खोज निकाला गया।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटाबाग क्षेत्र निवासी एक महिला अपने दो नाबालिग बच्चों के साथ अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा अनहोनी की आशंका जताए जाने पर मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिलेभर की पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू करते हुए क्षेत्र के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल इंटेलीजेंस के आधार पर महिला की लोकेशन रुद्रपुर में मिली।

इसके बाद पुलिस टीम तत्काल रुद्रपुर रवाना हुई और महिला तथा दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद महिला और बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली के लिए आभार व्यक्त किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा, आरक्षी प्रकाश व हेमलता तथा तकनीकी टीम के सदस्य शामिल रहे।

Next Story