रुद्रपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, 7 पुलिसकर्मियों के तबादले
Rudrapur रुद्रपुर। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस विभाग में फेरबदल किया है। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार छह उप निरीक्षकों समेत सात पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण किए गए हैं। एसएसपी ने सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।
आदेश के अनुसार उप निरीक्षक महेश कांडपाल को कोतवाली ट्रांजिट कैंप से रुद्रपुर कोतवाली भेजा गया है। उन्हें एसएसआई द्वितीय, कोतवाली रुद्रपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।वहीं उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा का तबादला कोतवाली गदरपुर से कोतवाली ट्रांजिट कैंप किया गया है। उन्हें ट्रांजिट कैंप में वरिष्ठ उप निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।इसके अलावा उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल को कोतवाली सितारगंज से कोतवाली गदरपुर भेजा गया है। खटीमा क्षेत्र में भी बदलाव करते हुए उप निरीक्षक किशोर पंत को कोतवाली खटीमा से मझोला चौकी प्रभारी बनाया गया है।
मझोला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राकेश राय का स्थानांतरण कोतवाली खटीमा किया गया है। वहीं महिला उप निरीक्षक संतोषी को थाना झनकईया से कोतवाली खटीमा भेजा गया है।कोतवाली रुद्रपुर में तैनात अपर उप निरीक्षक विनीता मेहर को महिला हेल्पलाइन रुद्रपुर से संबद्ध किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह फेरबदल जिले में अपराध नियंत्रण, बेहतर पुलिसिंग और आमजन को प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। नई तैनाती के बाद संबंधित अधिकारियों पर अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।







