कारगिल विजय दिवस पर सीएम धामी का बड़ा ऐलान, परमवीर चक्र विजेताओं को मिलेंगे ₹2 करोड़

देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीर सैनिकों के सम्मान में बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब राज्य सरकार परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिकों को 2 करोड़ रुपये की सम्मान राशि प्रदान करेगी।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और देश की रक्षा में राज्य के सैनिकों का योगदान हमेशा गौरवपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान प्राप्त करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
धामी ने युवाओं से भी देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि कारगिल के वीरों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सरकार सैनिकों के सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाती रहेगी।





