उत्तराखंड
रुड़की-कलियर कांवड़ मार्ग पर भीषण हादसा, 3 युवकों ने गंवाई जान
Gulabi Jagat
22 Aug 2026 7:59 AM IST

x
रुड़की-कलियर कांवड़ मार्ग पर भीषण हादसा, 3 युवकों ने गंवाई जान
3 युवकों ने गंवाई जान
रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की से शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई। रुड़की-कलियर कांवड़ मार्ग पर चार बाइक आपस में टकरा गईं। हादसा इतना भीषण था कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, चारों बाइक एक के बाद एक आपस में भिड़ गईं, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई.
हादसा शुक्रवार रात रुड़की और बाजूहेड़ी के बीच कांवड़ पटरी पर हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात में दो बाइक आमने-सामने से आ रही थीं. अचानक दोनों की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे. इसके बाद पीछे से आ रही दो और बाइक भी पहले से दुर्घटनाग्रस्त बाइक और सड़क पर पड़े लोगों से टकरा गईं. यानी कुछ ही सेकेंड में दो बाइकों की भिड़ंत ने चार बाइकों को हादसे में बदल दिया.
चारों बाइक क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पड़ी थीं. कई युवक सड़क पर घायल हालत में पड़े थे. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. राहगीरों ने घायलों की मदद करना शुरू कर दिया.सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस में बैठाया और रुड़की सिविल अस्पताल भेजा. हादसे में घायल नौ युवकों को अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया. छह घायलों का इलाज शुरू किया गया. इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने उनके शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान कराने में जुटी है. उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल की जांच भी शुरू कर दी है. आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे की पूरी कहानी समझी जा सके.
Next Story





